डॉ दिलीप अग्निहोत्री

 

उत्तर प्रदेश में पिछले तीन वर्षों के दौरान निवेश के अनुकूल माहौल से फ्रांस प्रभावित हुआ है। फ्रांस के भारत में राजदूत ने कहा कि प्रदेश में मौजूद सकारात्मक निवेश वातावरण के सम्बन्ध में फ्रांस की कम्पनियों को अवगत कराया जाएगा। फ्रांस की सुप्रसिद्ध कम्पनी ‘थालेस’ ने नोएडा में अपना कार्यालय स्थापित किया है। प्रदेश में निवेशकों को प्रदान की जा रही सुविधाओं को देखते हुए अन्य फ्रेंच कम्पनियां भी नोएडा में अपने कार्यालय स्थापित कर सकती हैं। उत्तर प्रदेश में इस वर्ष फरवरी में डिफेंस एक्सपो का आयोजन किया गया था, जिसमें चौबीस फ्रेंच कम्पनियों ने भाग लिया था। भारत में फ्रांस के राजदूत इमैन्युएल लेनैन ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से शिष्टाचार भेंट की। फ्रांस और भारत,विशेष रूप से उत्तर प्रदेश के मध्य सम्बन्धों को और प्रगाढ़ करने के सम्बन्ध में विचार विमर्श किया गया।

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि भारत और फ्रांस के बीच में पुराने समय से मजबूत सम्बन्ध हैं। उन्होंने फ्रांस सरकार द्वारा भारत को समय पर फाइटर जेट राफेल उपलब्ध कराने के लिए धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि आतंकवाद के विरुद्ध फ्रांस भारत का सहयोगी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि यहां पर निवेश की असीमित सम्भावनाएं हैं। निवेश को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से राज्य सरकार द्वारा विभिन्न सेक्टोरल पाॅलिसियों का निर्धारण किया गया है। इसके साथ ही प्रदेश में विदेशी निवेश को आकर्षित करने के लिए भी सकारात्मक माहौल बनाया गया है। ‘ईज़ ऑफ डुइंग बिज़नेस’ में उत्तर प्रदेश देश में दूसरे नम्बर पर है। देश में दो डिफेंस काॅरिडोर स्थापित किए जा रहे हैं, जिनमें से एक उत्तर प्रदेश में बन रहा है। डिफेंस काॅरिडोर में एमआरओ,साइबर सिक्योरिटी इत्यादि क्षेत्रों में निवेश की काफी सम्भावनाएं मौजूद हैं। फ्रांस में उत्तर प्रदेश के ओडीओपी उत्पादों के लिए बड़ा बाजार उपलब्ध है। उन्होंने प्रदेश में स्थापित किए जा रहे मेडिकल डिवाइस पार्क तथा फार्मा पार्क में बड़े पैमाने पर फ्रांस की कम्पनियां निवेश करने के लिए आमंत्रित किया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here