अयोध्या।  रामनगरी अयोध्या में 05 अगस्त को होने वाले भूमि पूजन की ऐतिहासिक घड़ी का जहां पूरी दुनिया के रामभक्त प्रतीक्षा कर रहे हैं। वहीं इसके लिए अयोध्या की साज सज्जा की तैयारियों में भी तेजी से चल रही हैं। इसके अलावा अन्य इंतजामों को परखने के लिए मंत्रियों से लेकर वरिष्ठ अफसरों के पहुंचने का सिलसिला जारी है। अधिकारी लगातार भूमि पूजन की तैयारियों के साथ सुरक्षा व्यवस्था का भी जायजा ले रहे हैं।

आयोजन के दिन मणिराम दास छावनी में भूमि पूजन के लिए 1.11 लाख लड्डू तैयार किए जा रहे हैं। इन्हें स्टील के डिब्बे में पैक किया जा रहा है। यह प्रसाद देवराहा बाबा स्थल से जुड़े शिष्यगण बनवा रहे हैं। इन लड्डूओं का भगवान रामलला को भोग लगाने के साथ रामनगरी में हजारों मठ-मन्दिरों में वितरण किया जाएगा। ये प्रसाद स्टील के डिब्बों में पैक करके वितरित किया जाएगा। भूमिपूजन में शामिल भक्तों को भी यह प्रसाद बांटा जाएगा।

वहीं शुक्रवार की सुबह केंद्रीय पर्यटन मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल अयोध्या पहुंचे और हनुमानगढ़ी का दर्शन करने के बाद श्रीरामजन्मभूमि प्रांगण में रामलला के दर्शन किए। उन्होंने मणिराम छावनी में पहुंचकर रामजन्मभूमि ट्रस्ट के अध्यक्ष महंत नृत्यगोपाल का आशीर्वाद लिया। उन्होंने सरयू माता की प्रातः आरती एवं अभिषेक किया। इसके अलावा कनक भवन अयोध्या के दिव्य दर्शन व गोसेवा भी की। उन्होंने स्थानीय भाजपा सांसद लल्लू सिंह के आवास पर जाकर उनसे मुलाकात भी की।

केंद्रीय मंत्री के साथ प्रदेश के पर्यटन मंत्री नीलकंठ तिवारी के साथ अयोध्या पहुंचे थे। दर्शन-पूजन के बाद केन्द्रीय मंत्री कारसेवकपुरम् पहुंचे और वहां श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय से अयोध्या में पर्यटन विकास की संभावनाओं पर चर्चा की।

इसके साथ ही अयोध्या में राम मंदिर शिलान्यास और भूमि पूजन से जुड़ी तैयारियों का जायजा लेने अपर सचिव-गृह अवनीश अवस्थी, एडीजी जोन एसएन साबत व एडीजी कानून व्यवस्था अयोध्या पहुंचे। अधिकारियों ने श्री हनुमानगढ़ी मंदिर सहित अन्य क्षेत्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने साकेत महाविद्यालय में बन रहे हेलीपैड का निरीक्षण किया। प्रधानमंत्री का कार्यक्रम होने के कारण अयोध्या व आसपास के जिलों में हाईअलर्ट घोषित कर दिया गया है।

प्रदेश के मुख्य सचिव राजेंद्र तिवारी भी आज अयोध्या कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक कर आयोजन को लेकर अधिकारियों से जानकारी लेंगे और दिशा निर्देश देंगे।

राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के सदस्य डॉ. अनिल मिश्र ने बताया कि जन्मभूमि कैंपस में पंडितों की टीम 03 अगस्त से अनुष्ठान और पूजा के कार्यक्रम शुरू कर देगी। 03 अगस्त को गणेश पूजा के साथ उत्सव शुरू होगा। उन्होंने बताया कि 05 अगस्त को सुबह 8 बजे से गर्भगृह पर पूजन और अनुष्ठान शुरू होंगे। इसे काशी के विद्वानों की देखरेख में 11 पंडितों की टीम करवाएगी। यही लोग प्रधानमंत्री मोदी से भूमि पूजन कार्यक्रम सम्पन्न करवाएंगे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here